फर्रूखाबाद की धरोहर को मिलेगी पहचान, जिलाधिकारी ने की पुस्तकों की अपील।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 01 अगस्त 2025 जनपद के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक महत्व को पहचान दिलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जनपद के समस्त साहित्यकारों, इतिहासकारों एवं लेखकों से अपील की है कि यदि उन्होंने फर्रूखाबाद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक या धार्मिक विरासत से जुड़ी कोई पुस्तक लिखी है, तो वे अपनी पुस्तकों एवं उनकी सूची सहित जिला प्रशासन को अवगत कराएं।

यह पहल विशेष रूप से उन ग्राम पंचायतों की लाइब्रेरी के सन्दर्भ में की जा रही है, जिन्हें वर्तमान में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्थापित किया जा रहा है। इन पुस्तकालयों को स्थानीय सामग्री से समृद्ध किया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक, विशेषकर युवा वर्ग, अपने जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।

जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि यह न केवल जनपद के गौरवशाली अतीत को सामने लाने का एक अवसर है, बल्कि स्थानीय लेखकों की कृतियों को भी सम्मान एवं प्रोत्साहन प्रदान करेगा। इससे नई पीढ़ी को अपने इतिहास और परंपराओं की जानकारी मिलेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर अध्ययन और शोध के लिए उपयुक्त सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

इच्छुक लेखकगण संबंधित जानकारी और पुस्तकों की सूची जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं।