फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2025 इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में आज जिला न्यायालय परिसर में हड्डी एवं दंत जांच हेतु निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन जिला जज श्री नीरज कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने रेड क्रॉस समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आमजन व न्यायालय से जुड़े लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं।
जिला जज ने बताया कि यह डिस्ट्रिक्ट कोर्ट परिसर में रेड क्रॉस समिति द्वारा आयोजित दूसरा शिविर है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हुए। शिविर के आयोजन को सफल बनाने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज श्री संजय कुमार ने दिशा-निर्देश प्रदान किए और समय-समय पर कैंप का निरीक्षण भी किया।
शिविर में डॉक्टर सुबोध कुमार वर्मा, डॉक्टर अहमद हुसैन एवं डॉक्टर नावेद अलीम ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। कुल 120 मरीजों की जांच की गई और सभी को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
इस अवसर पर अपर जिला जज श्री अभिनितम उपाध्याय, डॉ. अनिल सिंह, श्री शैलेंद्र सचान, श्रीमती रितिका त्यागी, श्री मेराज अहमद, श्री संजय कुमार, श्री घनश्याम शुक्ला (CJM), सिविल जज सीनियर डिवीजन श्रीमती प्रतिमाला चतुर्वेदी सहित कई न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी एवं अधिवक्ता गण उपस्थित रहे।
रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से वाइस चेयरमैन श्री शीश महरोत्रा, मीडिया प्रभारी श्री निशांत तिवारी, श्री आकाश चतुर्वेदी, श्रीमती गुंजा जैन (लाइफ मेंबर), श्रीमती कौशल्या गिरी, श्रीमती भावना गुप्ता, श्रीमती अंजू कपूर (लाइफ मेंबर) एवं फार्मासिस्ट श्री आशीष कुमार कुशवाहा ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।
रेड क्रॉस सोसाइटी का यह प्रयास न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाता है, बल्कि न्यायालय परिसर में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक सराहनीय सेवा भी है।
