फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति तथा जिला मिशन समिति की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में भूमि व जल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 की नई परियोजनाओं को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेह चन्द्र वर्मा, क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के प्रतिनिधिगण, उप कृषि निदेशक अरविन्द मोहन मिश्रा एवं भूमि संरक्षण अधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पं. दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, मनरेगा और आरएडी (RAD) योजना के तहत संचालित खेत तालाब, जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट जैसी योजनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। विधायक अमृतपुर श्री सुशील शाक्य द्वारा पूछे जाने पर भूमि संरक्षण अधिकारी श्री बी.के. सिंह ने बताया कि इस वर्ष जनपद को 19 खेत तालाबों का लक्ष्य मिला है, जिनमें से अब तक 12 की बुकिंग हो चुकी है और 4 तालाबों की खुदाई कार्य प्रारंभ हो चुका है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र कृषकों को ₹52,500 का 50% अनुदान प्रदान किया जा रहा है। इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट agridarshan.up.gov.in पर पंजीकरण कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तालाब निर्माण के लाभार्थियों को मछली पालन के साथ-साथ ड्रिप सिंचाई योजना से भी जोड़ा जाए ताकि जल प्रबंधन के साथ किसानों को अतिरिक्त आय का भी स्रोत मिले। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष ने वर्मी कम्पोस्ट के माध्यम से किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।
इस बैठक में पारित निर्णयों से स्पष्ट है कि जिला प्रशासन भूमि व जल संरक्षण तथा कृषकों की समृद्धि के लिए गंभीरता से प्रयासरत है। आने वाले समय में इन योजनाओं से जनपद में टिकाऊ खेती और जल संरक्षण को नया बल मिलेगा।
