फर्रुखाबाद:पट्टी दारापुर से पहली डाक कांवड़ यात्रा निकली, छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 जुलाई 2025 तहसील अमृतपुर के राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पट्टी दारापुर गांव से पहली बार भव्य डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यह धार्मिक यात्रा पांचाल घाट से प्रारंभ होकर पटना देवकली स्थित शिव मंदिर तक गंगाजल पहुंचाने हेतु निकाली गई।

इस विशेष यात्रा की अगुवाई हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की छात्राओं ने की, जिन्होंने आस्था और उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। यात्रा बुधवार सुबह 11:30 बजे पांचाल घाट से प्रारंभ हुई और लगभग 3 घंटे की पैदल दूरी तय कर दोपहर 2:50 बजे पटना देवकली शिव मंदिर पहुंची।

भक्तों ने मंदिर पहुंचकर गंगा जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस धार्मिक अवसर पर भक्तिभाव का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जहां युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी सराहनीय रही।

यात्रा के सफल आयोजन में समाजसेवियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में विशेष रूप से पत्रकार अंकित राजपूत, बबलू, ब्रह्मदत्त, रामजीत, सुधांशु, दीपू, सुमित, रंजीत, सुरजीत, कौशल, गोविंद, शिवम, रवि, चंदन, राहुल, पिंकू, टानु आदि ने सहभागिता निभाई।

इन सभी ने यात्रा के समापन पर सभी कांवड़ियों को अंग वस्त्र प्रदान कर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

गांव में पहली बार इस तरह की डाक कांवड़ यात्रा से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। आयोजकों ने इसे हर वर्ष और अधिक व्यापक रूप में आयोजित करने का संकल्प लिया।