फर्रुखाबाद:ओवरलोड व टैक्स बकाया ट्रकों पर कार्रवाई, 3 ओवरलोड व 5 ट्रक सीज, ₹3 लाख से अधिक जुर्माना

(द दस्तक 24 न्यूज़), 30 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में जनपद फर्रुखाबाद में अवैध व नियम विरुद्ध संचालित भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत द्वारा फर्रुखाबाद नगर व थाना राजेपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस चेकिंग अभियान के दौरान 3 ओवरलोड ट्रक पकड़े गए, जिन पर कुल ₹2.73 लाख का जुर्माना लगाया गया। इनमें से दो ट्रकों को थाना राजेपुर में सीज कर दिया गया, जबकि एक ट्रक का टायर खराब होने के कारण उसका मौके पर ही चालान किया गया। इसके अलावा 5 ट्रक ऐसे मिले जो टैक्स बकाया होने के बावजूद सड़कों पर संचालन कर रहे थे। इन पर ₹38,000 का जुर्माना और ₹90,000 का टैक्स आरोपित किया गया। नियमों के उल्लंघन के चलते इन पाँचों ट्रकों को भी सीज कर लिया गया है। एआरटीओ सुभाष राजपूत ने बताया कि यह अभियान नियमों के सख्त अनुपालन व सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु चलाया जा रहा है। यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि अवैध व अनियमित परिवहन गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।