फर्रुखाबाद:किसानों का कलेक्ट्रेट घेराव: लिंक एक्सप्रेस-वे व मुआवजे को लेकर भाकियू का जोरदार प्रदर्शन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जुलाई 2025 लिंक एक्सप्रेस-वे निर्माण और किसानों को भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा न मिलने से नाराज भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने बुधवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने अपने नेतृत्वकर्ता जिलाध्यक्ष अजय कटियार के साथ डीएम को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट गेट संख्या 1 बंद कर दिया गया, जिससे किसानों को अंदर प्रवेश नहीं मिला। इसके विरोध में भाकियू कार्यकर्ताओं ने गेट पर ही बैनर लगाकर धरना शुरू कर दिया।

भाकियू जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि जिले को गंगा एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए अलग से लिंक एक्सप्रेस-वे बनाने की आवश्यकता नहीं है। यदि इटावा-बरेली हाईवे को काजलालाबाद तक 4 या 6 लेन कर चौड़ा कर दिया जाए, तो जिले को गंगा एक्सप्रेस-वे व लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे दोनों से सीधे जोड़ा जा सकता है।

उन्होंने भूमि अधिग्रहण को लेकर कहा कि किसानों को निर्धारित सर्किल रेट बेहद कम मिल रहा है। चार गुना मुआवजा मिलने के बावजूद किसानों का भला नहीं होगा, जब तक सर्किल रेट की समीक्षा करके नई दरें किसान प्रतिनिधियों से सलाह लेकर तय नहीं की जातीं।

जिलाध्यक्ष ने आगे बताया कि लिंक एक्सप्रेस-वे के तहत बनाए जा रहे कट – नीम करौली, बरौन और राजेपुर (गाँधी निबिया चौराहा) – को काफी घुमावदार रखा गया है, जिससे किसानों की ज़मीन ज्यादा जा रही है। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर सीधे कट बनाए जाने की मांग की ताकि किसानों का कम से कम नुकसान हो।

भाकियू ने महायोजना में प्रस्तावित हरित पट्टी का भी विरोध किया। सेन्ट्रल जेल चौराहा से याकूतगंज जाने वाली इस सड़क में 30 मीटर सड़क और 30 मीटर हरित पट्टी प्रस्तावित है। यूनियन ने हरित पट्टी हटाकर केवल सड़क निर्माण की मांग की।

प्रदर्शन में भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, सियाराम शाक्य, अंकेश गंगवार, अजय पाल सिंह, धर्मेंद्र गंगवार, अभय यादव, सुशील दीक्षित, मुकेश शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।