फर्रुखाबाद में 15 अगस्त समारोह की तैयारियाँ शुरू, जिलाधिकारी ने दी दिशा-निर्देश।

(द दस्तक 24 न्यूज़) , 30 जुलाई 2025 जनपद में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2025 को गरिमामय और सम्मानपूर्वक ढंग से मनाने के लिए तैयारियाँ प्रारंभ हो चुकी हैं। इसी कड़ी में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों को उनके उत्तरदायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित सभी महापुरुषों की मूर्तियों की सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य समय से पूर्ण किया जाए। इस कार्य की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र के अधिशासी अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को सौंपी गई है।

कार्यक्रम का प्रमुख विवरण इस प्रकार रहेगा:

सुबह 06:30 बजे: स्थानीय स्टेडियम से प्रभात फेरी निकाली जाएगी।

सुबह 07:00 बजे: स्टेडियम से क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन होगा।

सुबह 07:30 बजे: जिलाधिकारी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा।

सुबह 08:00 बजे: सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण किया जाएगा।

बैठक में डीएफओ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सभी उप जिलाधिकारी, एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने हेतु समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह न केवल एक औपचारिकता होगी, बल्कि जनसामान्य को स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय महापुरुषों की प्रेरक गाथाओं से जोड़ने का एक सार्थक अवसर भी बनेगा।