फर्रुखाबाद:फाइलेरिया से बचाव हेतु छात्राओं की पहल: मदन मोहन कनौडिया इंटर कॉलेज में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2025 जनपद सहित उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में आगामी 10 अगस्त से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान प्रारंभ होने जा रहा है। इसी के तहत मदन मोहन कनौडिया इंटर कॉलेज की छात्राओं ने जागरूकता के उद्देश्य से एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें उन्होंने फाइलेरिया से बचाव की दवा सेवन करने की अपील की।

इस अवसर पर कॉलेज की प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, लेकिन इससे बचाव संभव है। पिछले वर्ष मैंने, स्टाफ ने और छात्राओं ने फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया था और किसी को कोई समस्या नहीं हुई। मैं जनसामान्य से अपील करती हूं कि वे इस वर्ष भी इस दवा का सेवन अवश्य करें ताकि हम सभी सुरक्षित रह सकें।”

कार्यक्रम के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी नौशाद अली ने भी उपस्थित छात्राओं व अध्यापिकाओं को फाइलेरिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “फाइलेरिया एक लाईलाज रोग है जो क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है, लेकिन इससे बचाव संभव है – बस जरूरत है समय पर दवा लेने की।”

पीसीआई से अनुपम मिश्र, विद्यालय की अध्यापिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं इस आयोजन में मौजूद रहीं। छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से यह संदेश दिया कि फाइलेरिया से डरने की नहीं, बल्कि समय पर दवा लेकर इससे लड़ने की जरूरत है।

10 अगस्त से शुरू हो रहे अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाएंगे। जनपदवासियों से अपील है कि वे दवा अवश्य लें और फाइलेरिया मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।