फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जुलाई 2025 गौरवशाली उपलब्धि हासिल कर जनपद फर्रुखाबाद और समाज का नाम रोशन करने वाली छात्रा रौनक शाक्य को तथागत संभ्रान्त नागरिक सामाजिक संगठन द्वारा सम्मानित किया गया।
संगठन के जिलाध्यक्ष शिवकुमार शाक्य एवं उनके सहयोगियों राधेश्याम शाक्य, महावीर सिंह शाक्य और संतोष शाक्य ने रौनक को पगड़ी पहनाकर, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
रौनक शाक्य, जो मूलतः ग्राम नगला जैतपुर निवासी डॉ. विजय शाक्य की सुपुत्री हैं, ने हाल ही में लखनऊ में आयोजित सीबीएसई की प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर रजत (सिल्वर) एवं कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक प्राप्त किए। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की प्रतीक है, बल्कि जिले व समाज के लिए गर्व का विषय भी है।
कार्यक्रम में डॉ. विजय शाक्य को भी पगड़ी, पंचशील चिह्न, सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। संगठन ने उनके योगदान को बेटी की सफलता में “मूल आधार” बताया। वर्तमान में वह मुरास कन्हैया में निवासरत हैं।
इस अवसर पर संगठन के सभी पदाधिकारियों ने रौनक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं और उनका सम्मान करना संगठन का कर्तव्य है।
