फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जुलाई 2025 सावन के तीसरे सोमवार से पहले फर्रुखाबाद स्थित पांचाल घाट पर कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ने से इटावा-बरेली हाईवे पर सोमवार को भीषण जाम लग गया। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि घंटों तक यात्री, श्रद्धालु और स्थानीय वाहन चालक फंसे रहे। पांचाल घाट पर गंगा जल भरने के लिए फर्रुखाबाद सहित आस-पास के विभिन्न जिलों से भारी संख्या में कांवड़िए पहुंचे थे। अधिकतर कांवड़िए गोला गोकर्णनाथ की ओर जल लेकर रवाना होते हैं, जबकि कुछ अन्य प्रमुख शिवधामों की ओर भी जाते हैं।
रविवार शाम से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, लेकिन सोमवार तड़के तक इनकी संख्या में भारी इजाफा हो गया। इसके चलते गंगा घाट की ओर जाने वाले रास्तों और मुख्य हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। जाम की मुख्य वजह घाट के पास सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग रही। कई श्रद्धालुओं ने अपने वाहन सड़क किनारे ही आड़े-तिरछे खड़े कर दिए, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ अधिक होने और सीमित संसाधनों के चलते राहत मिलने में काफी देर लगी। जाम में फंसे लोगों ने गर्मी और असुविधा के चलते नाराजगी भी जताई।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे घाट के पास वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें और नियमों का पालन करें, ताकि आमजन को असुविधा न हो और श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ व्यवस्था भी बनी रहे।
