फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जुलाई 2025 जनपद में समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी प्रारम्भिक परीक्षा-2023 का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी और शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक महोदया आरती सिंह ने रविवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र प्रभारियों से सुरक्षा, अनुशासन, निगरानी और परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी ली।
जिलाधिकारी महोदय ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक महोदया ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पुलिस बल को सतर्क व जिम्मेदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं निगरानी कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि परीक्षार्थियों को निर्भीक और शांत वातावरण मिल सके।
प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा और निष्पक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान कोई भी व्यवधान उत्पन्न न हो। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की सतर्कता से परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न कराया गया। यह कदम उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जा रही परीक्षा की गरिमा और निष्पक्षता को बनाए रखने की दिशा में एक सशक्त प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
