फर्रुखाबाद:थाना समाधान दिवस पर कमालगंज पहुंचे डीएम व एसपी, जन-सुनवाई कर दिए निर्देश।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2025 जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित ‘थाना समाधान दिवस’ के तहत शनिवार को जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने थाना कमालगंज का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जन-सुनवाई करते हुए मौके पर मौजूद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जन-सुनवाई के दौरान कई ग्रामीणों ने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, बिजली-पानी की समस्याओं, व पुलिस से संबंधित शिकायतों को रखा। जिलाधिकारी द्विवेदी ने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिसकर्मियों को चेताया कि जनविश्वास बनाये रखने के लिए थाना स्तर पर शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि जनता को बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ईमानदारी और संवेदनशीलता से काम करें। इस अवसर पर क्षेत्रीय लेखपाल, तहसील स्तरीय अधिकारी, पुलिसकर्मी व ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। डीएम व एसपी की संयुक्त उपस्थिति से जनता में विश्वास का माहौल देखने को मिला और कई शिकायतकर्ता मौके पर ही संतुष्ट दिखे। समाधान दिवस की यह पहल प्रशासन की जनपक्षीय सोच और जवाबदेही की दिशा में एक अहम कदम है, जो शासन-प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रही है।