फर्रुखाबाद:शहीदों को नमन कर शिक्षा व विकास कार्यों का लिया जायज़ा — जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी पहुंचे मौधा

(द दस्तक 24 न्यूज़) , 25 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शुक्रवार को जनपद के विकास खंड मोहम्मदाबाद के ग्राम मौधा का दौरा किया। उन्होंने सर्वप्रथम गांव स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प अर्पित कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी तथा शहीदों के ऐतिहासिक योगदान की जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय मौधा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत 24 छात्रों में से 21 छात्र उपस्थिति पाए गए, जबकि विद्यालय में दो शिक्षकों की तैनाती मिली। विद्यालय में मिड-डे मील योजना के अंतर्गत मेन्यू के अनुसार तहरी बनाई गई थी, जिसकी गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने विद्यालय में शैक्षिक गतिविधियों और शिक्षण स्तर को भी संतोषजनक बताया।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने मौधा में निर्माणाधीन आयुर्वेदिक अस्पताल और जल जीवन मिशन के अंतर्गत बन रही पानी की टंकी का निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण कार्य बंद पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की और कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को क्षेत्र में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।