फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी ने किया किसान कल्याण केन्द्रों व कृषि प्रक्षेत्रों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आज जनपद के नवाबगंज व मोहम्मदाबाद स्थित किसान कल्याण केन्द्रों तथा जाजपुर बंजारा स्थित राजकीय कृषि प्रक्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता सुधारने और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नवाबगंज में निर्माणाधीन किसान कल्याण केन्द्र की प्रथम तल की कार्यप्रगति से जिलाधिकारी संतुष्ट दिखे, जबकि दूसरी मंजिल पर ब्रिकोवा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था सिडको के सहायक अभियंता को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

वहीं मोहम्मदाबाद के जाजपुर बंजारा स्थित किसान कल्याण केन्द्र का निर्माण कार्य निरीक्षण के समय बंद मिला। इस पर जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि मुख्यालय से धनराशि की प्राप्ति दो-तीन दिन में संभावित है, जिसके उपरांत दो माह के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने जाजपुर बंजारा स्थित राजकीय कृषि प्रक्षेत्र पर धान की फसल, सागौन, आंवला, अमरूद व बेल के पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि और अधिक पौधरोपण कर क्षेत्र को हराभरा बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) परिसर में उद्यान विभाग द्वारा निर्मित हाईटेक पॉलीहाउस/नर्सरी के आंशिक रूप से आंधी में क्षतिग्रस्त होने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने तत्काल मरम्मत कराने व केवीके को हस्तगत करने के निर्देश जिला उद्यान अधिकारी को दिए।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक श्री अरविन्द मिश्र, जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह एवं सिडको के प्रतिनिधि मौजूद रहे।