कन्नौज में पुलिस आरक्षियों को फायर एवं मॉक ड्रिल का प्रशिक्षण, आपातकालीन स्थिति से निपटने की दी गई जानकारी।

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 जुलाई 2025 जनपद की पुलिस लाइन में संचालित आरक्षी आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आज पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों को फायर ड्रिल एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन स्थितियों से निपटने का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य जवानों को आपदा या आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, बचाव उपाय, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, घायलों को सुरक्षित निकासी एवं अन्य आपदा प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में विभिन्न परिदृश्यों पर आधारित व्यावहारिक अभ्यास भी शामिल रहे, जिससे जवानों की दक्षता, निर्णय क्षमता एवं आत्मविश्वास को मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन कुलवीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सुखपाल सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए जवानों को सतर्क, सक्रिय एवं अनुशासित रहने की प्रेरणा दी।

जनहित व जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से आयोजित यह अभ्यास पुलिस बल की कार्यकुशलता में न केवल वृद्धि करेगा, बल्कि आकस्मिक घटनाओं के दौरान जनधन की हानि को न्यूनतम करने में भी सहायक सिद्ध होगा।