कन्नौज:परिवार परामर्श केन्द्र की पहल से बिखरता परिवार फिर से जुड़ा, आपसी सहमति से घर लौटे पति-पत्नी

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 जनपद के महिला थाना परिसर स्थित परिवार परामर्श केन्द्र (नई किरण) में आज एक बार फिर बिखरते परिवार को जोड़ने की सफल कोशिश की गई। पुलिस अधीक्षक कन्नौज श्री विनोद कुमार के कुशल निर्देशन में चल रहे इस केन्द्र में निरीक्षक रंजना पांडेय, महिला आरक्षी अनामिका यादव एवं महिला आरक्षी सीमा यादव की उपस्थिति में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाया गया।

काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों को शांतिपूर्वक सुना गया और आपसी समझ-बूझ तथा सहमति से मतभेद दूर करने की कोशिश की गई। केन्द्र की टीम की सक्रिय मध्यस्थता और संवेदनशील प्रयासों के चलते दोनों ने अपने पुराने मनमुटाव भुलाकर साथ–साथ रहने का निर्णय लिया।

दिनांक 23 जुलाई को इस प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया जब यह दंपति खुशी-खुशी अपने घर वापस लौट गया। परिवार परामर्श केन्द्र ‘नई किरण’ लगातार ऐसे प्रयासों से समाज में पारिवारिक एकता व सद्भाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। परिवार को टूटने से बचाने की यह पहल न केवल मानवता का उदाहरण है, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भी मिसाल है।