कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 जनपद में पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाने के लिए चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत आज एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रिया शाक्य ने राजकीय पशु चिकित्सालय, छिबरामऊ में आयोजित कार्यक्रम में अभियान की एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि “पशुधन हमारे ग्रामीण जीवन और अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए नियमित टीकाकरण आवश्यक है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को जनपद के प्रत्येक गांव और पशुपालक तक पहुंचाया जाए ताकि कोई भी पशु टीकाकरण से वंचित न रह सके।
टीकाकरण अभियान के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी), ब्रूसेलोसिस जैसी संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए निशुल्क टीके लगाए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि विशेष एम्बुलेंस टीम गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण करेगी और साथ ही पशुपालकों को रोगों से बचाव की जानकारी भी देगी। इस मौके पर पशुपालन विभाग के चिकित्सक, क्षेत्रीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी को अभियान में सहयोग करने की अपील की।
