फर्रुखाबाद में समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा 2023 के सफल आयोजन हेतु बैठक सम्पन्न।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 के सुचारू व शांतिपूर्ण संचालन हेतु दिनांक 21 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अपराह्न 1:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर पुलिस अधीक्षक, वरिष्ठ कोषाधिकारी, अधीक्षक प्रधान डाकघर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, तथा जनपद के 29 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। बैठक में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज से नामित जनपदीय पर्यवेक्षक श्री आशीष रावर्ट भी उपस्थित थे।

बैठक के प्रमुख बिंदु:

परीक्षा की तिथि: 27 जुलाई 2025

परीक्षा केंद्रों की कुल संख्या: 29

उद्देश्य: परीक्षा के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करना।

जनपदीय पर्यवेक्षक श्री आशीष रावर्ट ने उपस्थित सभी अधिकारियों और परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापकों को आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता, समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।जिलाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस प्रशासन को हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया, जबकि डाक विभाग को प्रश्नपत्रों के सुरक्षित वितरण व संग्रहण की जिम्मेदारी दी गई। बैठक का उद्देश्य जनपद फर्रुखाबाद में आगामी 27 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा को साफ-सुथरे, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप में सम्पन्न कराना था, जिसके लिए सभी विभागों ने सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।