फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी विभागों की बैंकों से सम्बंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें क्षेत्रीय बैंक प्रबंधक, जिला समन्वयक, पी.डी. डी.आर.डी.ए., एल.डी.एम. समेत सभी जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए कि वे निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें तथा लाभार्थियों को समय पर ऋण स्वीकृत कर योजना के लाभ दिलाएँ। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी विभाग या बैंक द्वारा लापरवाही बरती गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद को प्रदेश में शीर्ष स्थान दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे विभागीय योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों के ऋण आवेदन को प्राथमिकता पर स्वीकृत करें, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक शीघ्र पहुँच सके।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों ने विभागीय प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की तथा आगामी समय में लक्ष्य पूर्ति के लिए आवश्यक रणनीति पर भी विचार किया गया। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि विभागों और बैंकों के समन्वित प्रयासों से जनपद की रैंकिंग में सुधार अवश्य होगा।
