फर्रुखाबाद:प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत निर्माणाधीन बालिका इंटर कॉलेज का डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों पर जताई नाराजगी

(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के अंतर्गत निर्माणाधीन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भवन का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन निर्माण की स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने पाया कि UPCLDF (उत्तर प्रदेश कॉर्पोरेशन फॉर लो-कॉस्ट डेवलपमेंट फाउंडेशन) द्वारा निर्मित यह भवन जमीन के लेवल पर ही बनाया जा रहा है, जो तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि भवन निर्माण प्रारंभ कराने के समय की जिम्मेदार कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कार्य को तेजी से पूर्ण किया जाए ताकि छात्राओं को शीघ्र सुविधा मिल सके।इस निरीक्षण के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और कार्यदायी संस्था के अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह कॉलेज क्षेत्र की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। जिलाधिकारी के सख्त रुख से उम्मीद है कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी।