फर्रुखाबाद:बिहार राज्य के मतदाता 25 जुलाई तक ऑनलाइन भर सकते हैं गणना प्रपत्र – उप जिला निर्वाचन अधिकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जुलाई 2025 बिहार राज्य के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी, फर्रुखाबाद ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बिहार राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्र भरने की अंतिम तिथि 25 जुलाई, 2025 निर्धारित की गई है।

जनपद फर्रुखाबाद में निवासरत बिहार राज्य के वे सभी मतदाता जो अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं, वे ऑनलाइन माध्यम से अथवा परिवार के सदस्यों की मदद से यह प्रपत्र भर सकते हैं। यह प्रक्रिया बेहद सरल और डिजिटल रूप से सुलभ है।

प्रमुख बिंदु:

मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINET App के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।

इच्छुक मतदाता प्री-फिल्ड फॉर्म डाउनलोड कर उसे हस्ताक्षरित कर व्हाट्सएप, ई-मेल या अन्य माध्यम से बीएलओ को भेज सकते हैं।

गणना प्रपत्र भरने के लिए कुल 11 वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक की संलग्न प्रति अनिवार्य है, जैसे – सरकारी पहचान पत्र, जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, भूमि आवंटन पत्र आदि।

दस्तावेज यदि तत्काल उपलब्ध न हो तो 25 जुलाई या दावा-आपत्ति अवधि (01 अगस्त से 01 सितंबर, 2025) के बीच भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

प्रारूप निर्वाचक नामावली 01 अगस्त 2025 को प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे समय रहते अपना फॉर्म भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं।

मतदाता अपने आवेदन की स्थिति भी ECINET App या वेबसाइट पर लॉग इन कर देख सकते हैं।

यह विशेष अभियान बिहार राज्य के मतदाताओं के लिए एक सुव्यवस्थित और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।