फर्रुखाबाद: कोतवाली कायमगंज का एसपी आरती सिंह ने किया औचक निरीक्षण, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 जुलाई 2025 फतेहगढ़ की पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शनिवार को कोतवाली कायमगंज का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, सीसीटीएनएस कार्यालय, हवालात, पुलिस मैस और बैरकों का गहन निरीक्षण किया।

एसपी आरती सिंह ने निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में सक्रिय हिस्ट्रीशीटर, सक्रिय अपराधी एवं टॉप-10 अपराधियों की जानकारी ली और इन पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिये। उन्होंने थाना क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बीट प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने, शस्त्रों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने कर्मचारियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहते हुए जनता के प्रति संवेदनशील और उत्तरदायी व्यवहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और तत्परता आवश्यक है। एसपी के इस निरीक्षण को पुलिस विभाग की जवाबदेही और कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।