फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में लीगल गार्जियनशिप कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य दिव्यांगजन के संरक्षक नियुक्ति से जुड़े मामलों पर विचार करना था। बैठक में नेशनल ट्रस्ट पोर्टल पर प्राप्त एक महत्वपूर्ण आवेदन पर चर्चा की गई, जिसमें फर्रुखाबाद निवासी श्रीमती ममता, पुत्री श्री रामशरन सिंह यादव द्वारा अपने दिव्यांग भाई अलिकेश के लिए लीगल गार्जियनशिप की मांग की गई थी।
आवेदन का परीक्षण समिति द्वारा किया गया, जिसमें दिव्यांगजन के हितों, देखभाल की आवश्यकता, पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श किया गया। सभी पहलुओं पर संतोषजनक पाए जाने के उपरांत जिलाधिकारी डॉ. द्विवेदी ने श्रीमती ममता को श्री अलिकेश की विधिक संरक्षिका (लीगल गार्जियन) के रूप में नियुक्त करने की स्वीकृति प्रदान की।
इस नियुक्ति के साथ ही श्री अलिकेश को सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, शिक्षा एवं देखभाल से जुड़ी योजनाओं का अधिक प्रभावी लाभ मिल सकेगा। यह निर्णय नेशनल ट्रस्ट एक्ट, 1999 के तहत दिव्यांगजनों के अधिकारों की रक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। बैठक में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सभी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। यह निर्णय समाज में दिव्यांगजनों के अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक समावेशन और सम्मानजनक जीवन की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
