(द दस्तक 24 न्यूज़) , 17 जुलाई 2025 जिला के ग्राम निजाम नगला, ग्राम पंचायत बिसौली में स्थित प्राथमिक विद्यालय के बंद होने की सूचना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया है। इस विषय को लेकर आम आदमी पार्टी फर्रुखाबाद की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया और ग्रामीणों के साथ मिलकर शिक्षा के अधिकार की आवाज बुलंद की।
इस जनसंपर्क अभियान का नेतृत्व आम आदमी पार्टी फर्रुखाबाद के जिला अध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने किया। उनके साथ पार्टी के अन्य प्रमुख पदाधिकारी—जगतपाल शाक्य (जिला उपाध्यक्ष), नवीन कुमार (जिला उपाध्यक्ष), अंकित (आईटी सेल प्रभारी), विजय कुमार और रुद्र प्रताप सिंह सहित पार्टी के कई वालंटियर्स मौजूद रहे।
इस अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और ग्रामीणों ने भाग लिया, जिन्होंने शिक्षा की अनदेखी पर नाराजगी जाहिर की। सभी ने एक स्वर में मांग की कि गांव के प्राथमिक विद्यालय को जल्द से जल्द दोबारा चालू किया जाए और उसमें सभी मूलभूत सुविधाएं—जैसे अध्यापक, किताबें, डेस्क-बेंच, साफ-सफाई और पेयजल—उपलब्ध कराई जाएं ताकि छोटे बच्चों की शिक्षा बाधित न हो।
इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने कहा, शिक्षा एक मौलिक अधिकार है और किसी भी गांव में प्राथमिक विद्यालय बंद किया जाना न सिर्फ बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है बल्कि यह संविधान के मूल भावों के भी विपरीत है। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर संघर्ष करेगी और तब तक शांत नहीं बैठेगी जब तक स्कूल पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाता।” पार्टी कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र ही इस विद्यालय को पुनः प्रारंभ नहीं करता, तो आम आदमी पार्टी बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन और शिक्षा बचाओ आंदोलन शुरू करेगी।
ग्रामीणों ने जताया समर्थन
गांव के लोगों ने भी आम आदमी पार्टी की इस पहल की सराहना की और कहा कि वे अपने बच्चों की शिक्षा के लिए किसी भी स्तर तक साथ खड़े रहेंगे। विशेषकर महिलाओं ने कहा कि जब तक स्कूल नहीं खुलता, तब तक वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगी। यह सिर्फ एक स्कूल नहीं, यह पूरे भविष्य का सवाल है। आम आदमी पार्टी फर्रुखाबाद बच्चों की शिक्षा के लिए हर गांव तक जाएगी और आवाज उठाती रहेगी।
