फर्रुखाबाद:मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन 17 जुलाई को।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2025 मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम) के तहत आज दोपहर 1:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में एक जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला मिशन निदेशक, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित की जा रही है।

इस कार्यशाला का उद्देश्य जनपद के युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति प्रेरित करना तथा उन्हें राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देना है। कार्यक्रम में जनपद के आईटीआई, पॉलीटेक्निक, विश्वविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों एवं इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंतिम वर्ष के छात्र एवं पास आउट युवा लाभार्थी भाग लेंगे। कार्यशाला में योजना का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, ताकि युवा योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार की दिशा में अग्रसर हो सकें।

कार्यक्रम में बैंक शाखा प्रबंधक, जिला अग्रणी प्रबंधक, जिला समन्वयक, सीएससी संचालक एवं प्रशिक्षण प्रदाता संस्थाएं भी मौजूद रहेंगी। इन सभी को योजना की जानकारी देकर समन्वित प्रयास के माध्यम से युवाओं को लाभान्वित किया जाएगा। कार्यशाला की जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, फर्रुखाबाद, श्री जौहरी ने बताया कि यह योजना प्रदेश सरकार की युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की एक बड़ी पहल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, संस्थानों और जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सहभागिता कर योजना का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।यह कार्यशाला न केवल युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम बनेगी, बल्कि जनपद में उद्यमिता विकास को भी नई दिशा प्रदान करेगी।