फर्रुखाबाद:दस्तक अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक, संचारी रोग नियंत्रण पर विशेष बल।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जुलाई 2025 जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम हेतु विशेष दस्तक अभियान के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार मिश्र ने की, जिसमें चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सीडीओ श्री मिश्र ने बताया कि दस्तक अभियान के क्रियान्वयन में जनपद की प्रगति 88% तक पहुँच चुकी है, जो कि प्रदेश के औसत 87% से बेहतर है। अभियान को सफल बनाने हेतु शिक्षा विभाग की ओर से जनजागरूकता रैलियाँ भी निकाली गई हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत भवन, विद्यालय, अस्पताल व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर झाड़ू न लगाना, जलभराव तथा सफाई की कमी संचारी रोगों के मुख्य कारण हैं, जिन्हें नियंत्रित किया जाना आवश्यक है।

बैठक में मोहम्मदाबाद क्षेत्र की प्रगति असंतोषजनक पाई गई, जहां एंटी लार्वा गतिविधियाँ कमजोर हैं। वहीं राजपुर क्षेत्र में 100% लक्ष्य प्राप्त किया गया है। सीडीओ ने सभी आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर मच्छर लार्वा से जुड़ी जागरूकता फैलाएं और लोगों को बताएं कि कूलर, गमले, फ्रिज आदि में पानी एकत्रित न होने दें जिससे मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके।

एक अन्य महत्वपूर्ण बिंदु पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि 113 लक्षित बच्चों में से केवल 76 बच्चों को ही दवाएं दी गई हैं, जो कि चिंता का विषय है। ऐसे प्रकरणों में सुधार हेतु विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 6 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों को विटामिन-ए व आयरन सिरप देना सुनिश्चित करने की बात कही गई।

सफाई और जल निकासी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कहते हुए सीडीओ ने विशेष रूप से कमालगंज ब्लॉक के वीडीओ को अपने क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

स्वच्छ जल उपलब्धता के लिए क्लोरीन की गोलियां वितरित की जा रही हैं। बताया गया कि एक गोली को पांच लीटर पानी में मिलाकर रातभर रखा जाए और अगली सुबह उस पानी का उपयोग किया जाए। यह गोली पेयजल भंडारण टंकियों और पौधों में भी प्रयोग की जा सकती है।

अंततः बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और जनसहभागिता से इस अभियान को और प्रभावशाली बनाया जाए ताकि संचारी रोगों से जनपद को सुरक्षित रखा जा सके।