फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 जुलाई 2025 शासन स्तर से जारी माह जून 2025 की आई0जी0आर0एस0 (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रीड्रेसल सिस्टम) रैंकिंग में फर्रुखाबाद जनपद को प्रदेश में 65वां स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही जनपद की तीनों तहसीलों की रैंकिंग भी चिंताजनक रही। तहसील सदर को 349वां, कायमगंज को 343वां और अमृतपुर को 257वां स्थान मिला है, जो कि अत्यंत खेदजनक स्थिति दर्शाता है।
मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार 10 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस संदर्भों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पाया गया कि कई विभागीय अधिकारियों द्वारा जन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही बरती गई है।
जिन अधिकारियों की कार्यप्रणाली असंतोषजनक पाई गई, उनके विरुद्ध कड़ा कदम उठाते हुए जुलाई माह का वेतन अवरुद्ध कर दिया गया है। साथ ही उनसे सुसंगत साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
इन अधिकारियों में उप जिलाधिकारी सदर, कायमगंज, अमृतपुर; तहसीलदार सदर, कायमगंज, अमृतपुर; अधिशासी अभियंता विद्युत (नगरीय एवं ग्रामीण), कायमगंज; जलनिगम ग्रामीण; अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0 फतेहगढ़; नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अधिशासी अधिकारी; जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी; जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी; उप निदेशक कृषि; खण्ड विकास अधिकारी (नवाबगंज, कायमगंज, शमसाबाद); जिला युवा कल्याण अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी पंचायत शमसाबाद शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी तथा आगे भी रैंकिंग सुधार हेतु कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
