फर्रुखाबाद:”भूजल सप्ताह” के अंतर्गत जल संरक्षण के संदेश के साथ निकली प्रभात फेरी

(द दस्तक 24 न्यूज़) ,16 जुलाई 2025 जनपद में “भूजल सप्ताह” (16 जुलाई से 22 जुलाई 2025) के शुभारंभ के अवसर पर जनमानस को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस वर्ष भूजल सप्ताह की थीम “जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित” रखी गई है, जिसके अंतर्गत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रभात फेरी की शुरुआत कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ से हुई, जिसे मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद, सहायक अभियंता लघु सिंचाई एवं अवर अभियंता लघु सिंचाई की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

फेरी में राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज फतेहगढ़, राजकीय इण्टर कॉलेज फतेहगढ़, म्युनिसिपल इण्टर कॉलेज फतेहगढ़, कम्पोजिट विद्यालय फतेहगढ़, प्राथमिक विद्यालय रंगसाजन एवं प्राथमिक विद्यालय ग्वालटोली के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की।छात्रों ने “जल ही जीवन है”, “जो पानी बचायेगा, वो समझदार कहलायेगा”, “जल है तो कल है”, “हम सबने यह ठाना है, पानी को बचाना है” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ नगरवासियों को जल संरक्षण का संदेश दिया।

इस आयोजन के माध्यम से जल संकट की गंभीरता और भूजल के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया। “भूजल सप्ताह” के अंतर्गत पूरे सप्ताह जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जाएगी, जिससे जल के महत्व और इसके संरक्षण की आवश्यकता को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।