फर्रुखाबाद:विश्व युवा कौशल दिवस पर राजकीय आईटीआई में भव्य आयोजन, युवाओं को मिला मंच और सम्मान।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 जुलाई 2025 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ठंडी सड़क, फर्रुखाबाद में आज विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की प्रतिभा, कौशल और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह आयोजित किए गए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री मुकेश राजपूत उपस्थित रहे, जबकि विधायक भोजपुर श्री नागेन्द्र सिंह राठौर, विधायक अमृतपुर श्री सुशील कुमार शाक्य, मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविन्द कुमार मिश्रा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेह चन्द्र वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

प्रशिक्षार्थियों के बनाए उत्पादों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

आई०टी०आई० व कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षार्थियों द्वारा स्वनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसका अतिथियों ने अवलोकन किया और युवाओं के कार्यों की सराहना की। इससे प्रशिक्षार्थियों में आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को बल मिला।

रोजगार मेले में युवाओं का हुआ चयन

इस अवसर पर हाल ही में संपन्न हुए बृहद रोजगार मेले में सर्वोच्च वेतन पर चयनित 11 युवाओं को चयन पत्र सौंपे गए। सांसद श्री मुकेश राजपूत ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएँ दीं और स्वरोजगार के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

यूथ आइकन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदाता हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर सफलता हासिल करने वाले युवाओं को ‘यूथ आइकन’ के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, जनपद के श्रेष्ठ प्रशिक्षण प्रदाताओं एवं उद्यमियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन, बेटी बचाओ नाटक को मिला पुरस्कार

प्रशिक्षार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ विषय पर आधारित नाटक को सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम घोषित करते हुए ₹2100 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।

संगठनात्मक भूमिका में दिखी उत्कृष्टता

इस सफल आयोजन में कार्यदेशक श्री बृजेश कुमार, अप्रेंटिस प्रभारी श्री रंजीत कुमार सुमन, प्लेसमेंट प्रभारी श्री सुनील, डी०पी०एम० श्री शुभांग मिश्रा, राज किशोर महतो, बृजेश यादव सहित फर्रुखाबाद, कायमगंज एवं अमृतपुर इकाइयों के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का नेतृत्व नोडल प्रधानाचार्य श्री राजवीर सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।