फर्रुखाबाद:राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में हुआ वृहद रोजगार मेला, 804 युवाओं का चयन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जुलाई 2025 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, ठंडी सड़क, फर्रुखाबाद में पं० दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत आई०टी०आई० एवं कौशल विकास मिशन द्वारा वृहद रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में फर्रुखाबाद के सांसद माननीय मुकेश राजपूत ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेह चन्द्र वर्मा, जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार मिश्र, एवं संस्थान के नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया।

मेले में अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण युवाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर हैं। उन्होंने उपस्थित प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रति आभार जताते हुए, प्रतिभागी अभ्यर्थियों को प्रेरित किया।

इस रोजगार मेले में देश की जानी-मानी 34 कंपनियों ने भाग लिया जिनमें हीरो मोटर, महेन्द्रा एंड महिन्द्रा, श्रीराम पिस्टन, वाल्वो आयशर (VE Commercial Vehicles), हायर अप्लायंस, सोलर पावर प्रोजेक्ट (अडानी ग्रुप), स्वराज इंजन लिमिटेड, न्यू होलैंड ट्रैक्टर्स, हेलीकल स्प्रिंग्स, माहले, एशियन आदि प्रमुख थीं।

करीब 2100 रिक्तियों के सापेक्ष 1064 प्रशिक्षार्थियों ने रोजगार के लिए आवेदन किया, जिनमें से 804 अभ्यर्थी चयनित हुए। सोलर पावर प्रोजेक्ट (अडानी ग्रुप), कच्छ, गुजरात द्वारा सर्वाधिक 158 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित युवाओं को कॉल या ईमेल के माध्यम से सूचना दी जाएगी।

कार्यक्रम का संचालन श्री सच्चिदानंद सागर ने किया

मेले की सफल व्यवस्था में श्री बृजेश कुमार (कार्यदेशक), रंजीत कुमार सुमन (अप्रेंटिस प्रभारी), सुनील (प्लेसमेंट प्रभारी), विजेंद्र सिंह, राज किशोर महतो, बृजेश यादव व रा. औ. प्र. संस्थान फर्रुखाबाद, कायमगंज एवं अमृतपुर के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।अंत में नोडल प्रधानाचार्य श्री राजवीर सिंह द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।