फर्रूखाबाद में स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर बड़ा कदम: डीएम की अध्यक्षता में हुई महत्वपूर्ण बैठक।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जुलाई 2025  जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्कूली बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्कूली वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा, और संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

जांच में सामने आई कई खामियाँ

बैठक के दौरान एआरटीओ द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 468 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं, जिनमें से:

118 वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है, 231 वाहनों के परमिट समाप्त हो चुके हैं, 40 वाहन 15 वर्ष से अधिक पुराने हैं, जबकि नियमानुसार स्कूल वाहन की अधिकतम उम्र 15 वर्ष निर्धारित है, 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चले विशेष अभियान में 62 वाहनों का चालान किया गया एवं 26 वाहन सीज किए गए।

डीएम द्वारा सख्त निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि:

15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों का पंजीकरण एक सप्ताह में निरस्त कराया जाए। जिन वाहनों की फिटनेस समाप्त है, उनकी फिटनेस तत्काल कराई जाए, अन्यथा विधिक कार्यवाही की जाएगी। विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन सभी स्कूलों में अनिवार्य रूप से किया जाए। सभी ड्राइवरों का आई टेस्ट व पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया जाए।

वाहनों में सुरक्षा उपकरण अनिवार्य

डीएम ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी स्कूल वाहनों में:

GPS व गति मापक यंत्र हो,गति सीमा 40 किमी/घंटा से अधिक न हो, प्रत्येक सीट पर सीट बेल्ट, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध हों, ड्राइवर और परिचालक वर्दी में व आईडी कार्ड के साथ हों, वाहन पर स्कूल प्रिंसिपल का मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित हो।

नाबालिग वाहन चालकों पर कड़ा रुख

बैठक में एआरटीओ (प्रवर्तन) श्री सुभाष राजपूत ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199क के तहत: 

नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर वाहन मालिक को 3 साल तक की जेल व ₹25,000 का जुर्माना हो सकता है, संबंधित वाहन का पंजीकरण 1 वर्ष के लिए रद्द किया जाएगा, नाबालिग का ड्राइविंग लाइसेंस 25 वर्ष की आयु के बाद ही बन सकेगा।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि:

हर स्कूल के मुख्य द्वार पर इस संबंध में सूचना होर्डिंग लगाए जाएं, नाबालिगों को दोपहिया वाहन चलाने से पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए, उल्लंघन की स्थिति में स्कूल प्रबंधन पर भी कार्रवाई की जाएगी

बैठक में उपस्थित अधिकारी

बैठक में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।