फर्रुखाबाद: पुलिस मुठभेड़ में शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, तमंचा, मोटरसाइकिल व कारतूस बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2025 जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत आज थाना कम्पिल क्षेत्र में एक शातिर अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त का नाम इब्राहीम पुत्र बउआ उर्फ बबलू निवासी समेचीपुर चितार थाना शमशाबाद, जनपद फर्रुखाबाद है। अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसका इलाज वर्तमान में डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद में चल रहा है।

मुठभेड़ का घटनाक्रम:

दिनांक 13 जुलाई 2025 की रात्रि को एसओजी, सर्विलांस टीम व थाना कम्पिल पुलिस बरखेड़ा नहर पुलिया चौराहा पर संदिग्ध अपराधियों की तलाश में गश्त पर थी। उसी समय नहर पटरी की ओर से आती मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार भागने लगे और पीछा करने पर मोटरसाइकिल फिसल गई। पीछे बैठे अभियुक्त इब्राहीम ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में इब्राहीम के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा।

पूछताछ में गोकशी की घटना का खुलासा:

गिरफ्तार अभियुक्त इब्राहीम ने पूछताछ में बताया कि वह और उसका साथी वसीम पुत्र जमालुद्दीन, जो मौके से फरार हो गया, दिनांक 25 जून 2025 को अपने गांव के बाहर शकील, बांके और नन्हे के साथ मिलकर गोकशी की घटना में शामिल थे। पुलिस से बचने के लिए वे नहर पटरी के रास्ते भरगैन की ओर भाग रहे थे।

बरामद सामग्री:

1. एक अदद तमंचा 315 बोर

2. दो अदद जिंदा कारतूस

3. एक अदद फायरशुदा कारतूस (तमंचे में फंसा हुआ)

4. एक काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट)

5. 200 रुपये नकद व दो तंबाकू की पुड़िया

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास:

मु0अ0सं0 110/2025 – धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट, थाना कम्पिल

मु0अ0सं0 133/2025 – धारा 3/8 गोवध निवारण अधिनियम, थाना शमशाबाद

पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई:

इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार व क्षेत्राधिकारी श्री संजय वर्मा के निर्देशन में किया गया। अभियुक्त की गिरफ्तारी में थाना कम्पिल पुलिस, एसओजी टीम, सर्विलांस टीम और स्वाट टीम की प्रमुख भूमिका रही। इस साहसिक कार्यवाही ने न केवल क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल को तोड़ा है, बल्कि पुलिस की सतर्कता व तत्परता को भी सिद्ध किया है। फरार अभियुक्त वसीम की तलाश जारी है, जिसके शीघ्र गिरफ्तारी की संभावना है।