फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 जुलाई 2025 जनपद में फिक्सिंग के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित वीरेंद्र चतुर्वेदी पुत्र लक्ष्मी शंकर निवासी गालटोली, फतेहगढ़ ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अपने अधिवक्ता के माध्यम से सरजीत प्रधान पोस्टमास्टर, डाक अधीक्षक दीनबंधु पांडेय और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ याचिका दाखिल की है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 09 मई 2025 को पोस्टमास्टर सरजीत ने उसके बेटे से वकालत में फिक्सिंग कराने के नाम पर दो लाख रुपये लिए। चार दिन बाद फिर दो लाख रुपये उसकी बेटी के नाम फिक्सिंग कराने के नाम पर लिए गए। यह रकम पीड़ित के परिचित के माध्यम से दी गई थी।
फिक्सिंग के बाद एक सप्ताह में कागज़ देने का वादा किया गया, लेकिन समय बीतने पर जब पीड़ित ने कागज़ मांगे, तो आरोपित टालमटोल करने लगे। 29 मई को जब वह पुनः डाकखाना गया, तो कर्मचारियों ने गालियां दीं और धमकी देने लगे। पोस्टमास्टर ने कहा, “जो करना है कर लो।”
पीड़ित के अनुसार, सरजीत ने कबूल किया कि रुपये डाक अधीक्षक दीनबंधु पांडेय को दिए गए हैं। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत दी लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः पीड़ित को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
