(द दस्तक 24 न्यूज़) , 09 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान-2025 के अंतर्गत आज जनपद में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी विकास मंत्री श्री राकेश राठौर ‘गुरु’, कानपुर मण्डलायुक्त श्री के. विजयेन्द्र पांडियन, जिलाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने मिलकर पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों पौधे रोपे गए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान में वृक्षारोपण कर भावनात्मक जुड़ाव भी स्थापित करना है। मंत्री श्री राकेश राठौर ने कहा कि – “एक पेड़ माँ के नाम” सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी धरती माँ और जन्मदात्री माँ दोनों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का एक माध्यम है। मण्डलायुक्त श्री पांडियन ने पौधारोपण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि— “आज के दौर में हर व्यक्ति को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसका पालन-पोषण ठीक उसी तरह करना चाहिए जैसे एक माता-पिता अपने बच्चों की परवरिश करते हैं।”
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष द्विवेदी ने जनमानस से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करें ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व हरित पर्यावरण मिल सके। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने अभियान को समाजहित में एक सकारात्मक पहल बताया और कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण की रक्षा करता है, बल्कि यह समाज को एकजुट करने का भी कार्य करता है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएँ, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय ग्रामीणजन भी बढ़-चढ़कर शामिल हुए। समापन पर सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान जनजागरूकता का एक मजबूत माध्यम बन रहा है, जो न केवल हरियाली बढ़ाने की दिशा में सहायक है, बल्कि भावनात्मक रूप से भी समाज को पर्यावरण से जोड़ रहा है।
