फर्रुखाबाद:आषाढ़ी पूर्णिमा पर फतेहगढ़ में भारी वाहनों का रूट डायवर्जन, पुलिस ने जारी की नई ट्रैफिक व्यवस्था

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 08 जुलाई 2025 आगामी आषाढ़ी पूर्णिमा के अवसर पर जनपद फर्रूखाबाद में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने 09 जुलाई की शाम 6:00 बजे से लेकर 10 जुलाई की शाम 6:00 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के संचालन को लेकर रूट डायवर्जन लागू किया है।

यह निर्णय भारी वाहनों से होने वाली भीड़-भाड़, जाम और सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर निम्नलिखित रूटों पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है:

डायवर्जन योजना इस प्रकार है:

1. कन्नौज से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहन (जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर, लोडर) को गुरसहायगंज जनपद कन्नौज से छिबरामऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

2. छिबरामऊ से जहानगंज होकर फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहन को छिबरामऊ से बेबर (जनपद मैनपुरी) की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

3. बेबर (मैनपुरी) से फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहनों को बेबर जनपद मैनपुरी में ही रोका जाएगा।

4. जनपद एटा की ओर से फतेहगढ़ आने वाले भारी वाहन को बिराहिमपुर (अलीगंज बॉर्डर, जनपद एटा) पर रोका जाएगा।

5. शाहजहाँपुर और बरेली की ओर से आने वाले भारी वाहन को थाना अल्लागंज, हुल्लापुर (जनपद शाहजहाँपुर) तथा जरियनपुर चौराहा से ढ़ाई घाट (शमशाबाद) की तरफ आने वाले वाहनों को जरियनपुर पर ही रोक दिया जाएगा।

6. जनपद हरदोई की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रूपापुर (थाना सवायजपुर, जनपद हरदोई) में ही रोक दिया जाएगा।

प्रशासन की अपील:

जनपद पुलिस ने वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और आमजन से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और सहयोग प्रदान करें, जिससे कि धार्मिक अवसर पर यातायात अवरोध उत्पन्न न हो और श्रद्धालुजन बिना किसी असुविधा के कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकें।