फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त, कानपुर मंडल की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान डीएफओ (वन अधिकारी) राजीव कुमार द्वारा जानकारी दी गई कि जनपद में विभिन्न 26 विभागों के माध्यम से कुल 38 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इसमें वन विभाग द्वारा 16 लाख पौधे एवं कृषि विभाग द्वारा 3.62 लाख पौधे लगाए जाएंगे। पौधरोपण के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, जिसका संपर्क नंबर 7376359874 है।
सभी विभागों ने पौधरोपण के लिए गड्ढा खुदाई एवं पौधों का उठान पहले ही पूरा कर लिया है। लगाए जाने वाले सभी पौधों की जियो टैगिंग ‘हरीतिमा ऐप’ के माध्यम से की जाएगी, जिससे उनकी निगरानी और ट्रैकिंग सुनिश्चित हो सके।
बैठक में बताया गया कि मंत्री राकेश राठौर गुरु एवं कानपुर मंडल के आयुक्त द्वारा पुठरी में वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अवसर पर सभी जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। सभी रोपण स्थलों पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पौधारोपण किया जाएगा।
संयुक्त विकास आयुक्त ने निर्देश दिए कि रोपित पौधों की सुरक्षा, देखभाल एवं सिंचाई की विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि पौधों का जीवन और वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, उपजिलाधिकारी सदर रजनीकांत, डीएफओ राजीव कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
