फर्रुखाबाद में स्कूल मर्जर नीति के खिलाफ प्रदर्शन, राज्यपाल को सौंपा गया ज्ञापन।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़)08 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्कूल मर्जर (pairing/merger) नीति के खिलाफ आज फर्रुखाबाद जनपद में जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन अपनी जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरजीत शाक्य के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया, जिसमें बेसिक शिक्षा विभाग की वर्तमान मर्जर नीति को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की माँग की गई। ज्ञापन में कुल पाँच प्रमुख माँगें रखी गईं:

1. 50 से कम नामांकन वाले प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के मर्जर की नीति पर रोक लगाई जाए।

2. प्रदेश के सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापक एवं विषयवार शिक्षकों की भर्ती शीघ्र कराई जाए।

3. शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखते हुए केवल शिक्षण कार्य में लगाया जाए।

4. RTE (निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा अधिकार अधिनियम) के अनुसार स्थानीय स्कूलों की उपस्थिति और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

5. प्राथमिक विद्यालयों को किसी भी परिस्थिति में निजी हाथों में न सौंपा जाए।

ज्ञापन में इस नीति को “संविधान और जनविरोधी” करार देते हुए कहा गया कि यह निर्णय ग्रामीण, गरीब और वंचित तबके के बच्चों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। इससे न केवल नामांकन में गिरावट आएगी, बल्कि छात्रों को दूरस्थ स्कूलों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना भी करना पड़ेगा।

सुरजीत शाक्य ने इस दौरान कहा,

सरकार की यह नीति जनविरोधी है। यदि राज्यपाल महोदय ने हस्तक्षेप नहीं किया तो हम आगे भी बड़ा आंदोलन करेंगे। शिक्षा का अधिकार कोई भी नीति छीन नहीं सकती।

इस प्रदर्शन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने सरकार को यह स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के नाम पर स्कूलों को बंद किया गया या निजीकरण की ओर बढ़ाया गया, तो इसका व्यापक विरोध किया जाएगा।