फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 जुलाई 2025 ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, उत्तर प्रदेश की माननीय राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिले के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों और उच्चाधिकारियों की उपस्थिति में अनेक महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
मा. मंत्री जी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि थानों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन जनसुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए विद्यालयों और अस्पतालों के पास महिला पुलिस बीट की तैनाती करने के निर्देश दिए।
गांवों में भूमि विवाद की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए लेखपालों को ईमानदारी से कार्य करने को कहा गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अनावश्यक विवादों की रोकथाम हो सके।
सफाई और पंचायत व्यवस्था पर विशेष जोर
मा. मंत्री ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की उपस्थिति नियमित रूप से चेक की जाए तथा गाँवों में जन चौपालों का आयोजन कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने आरआरसी सेंटर को पूरी तरह क्रियाशील बनाए रखने और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों को देने के निर्देश भी दिए।
स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा प्रोत्साहन
जिला विकास अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में 7354 स्वयं सहायता समूह गठित हैं, जिनमें से 6207 सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। मा. मंत्री जी ने इन समूहों को जिला मुख्यालय, तहसील और ब्लॉक परिसरों में विक्रय हेतु स्थायी दुकानों की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया ताकि वे अपने उत्पादों का विपणन कर सकें।
शिक्षा और जल जीवन मिशन पर भी निर्देश
विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ-साथ नियमित औचक निरीक्षण के आदेश भी दिए गए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत की गई खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों व गलियों की तत्काल मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया गया।
विद्युत व्यवस्था में सुधार के निर्देश
विद्युत विभाग को समयबद्ध ढंग से खराब ट्रांसफार्मर बदलने और जहां बार-बार ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं, वहां उनकी क्षमता बढ़ाने के लिए निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर मा. जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव, मा. विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविंद कुमार मिश्र सहित अनेक संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
