फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सोमवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सिरौली वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में पंजीकृत कुल 68 वृद्धों में से 55 वृद्ध मौके पर उपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने वहां रह रहे वृद्धजनों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
भोजन की गुणवत्ता की जांच के दौरान भोजन संतोषजनक पाया गया, जिसे देखकर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। हालांकि निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम परिसर में लगे 5 सीसीटीवी कैमरों में से 2 कैमरे खराब पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से खराब कैमरों को ठीक कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) राजीव कुमार, उपजिलाधिकारी सदर श्री रजनीकांत पांडेय, जिला सूचना अधिकारी (डीपीआरओ) श्री राजेश चौरसिया एवं खंड विकास अधिकारी मोहम्मदाबाद श्री त्रिलोक चंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी द्वारा किया गया यह निरीक्षण बुजुर्गों की देखभाल और प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है। वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों ने प्रशासन द्वारा समय-समय पर की जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
