फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2025 (रविवार) आज जिले में एक विशेष अवसर पर सामाजिक समरसता और बौद्ध परंपरा की गरिमा को आगे बढ़ाते हुए एक दम्पति ने बौद्ध रीति-रिवाजों के साथ जीवन साथी बनने की शपथ ली। ग्राम दौलतपुर नवाबगंज निवासी आकाश शाक्य पुत्र श्री बलवीर सिंह शाक्य एवं ग्राम बहादुरगंज तराई पोस्ट बीबीगंज निवासी सोनी शाक्य पुत्री श्री नन्दकिशोर शाक्य का विवाह समारोह बौद्ध परंपरा के अनुसार सादगी और शांति के वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर बौद्ध अनुयायी धर्मपाल बौद्ध की उपस्थिति में वर-वधू ने तथागत गौतम बुद्ध के विचारों को साक्षी मानकर पंचशील एवं त्रिशरण को स्वीकारते हुए एक-दूसरे के साथ जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह उपरांत धर्मपाल बौद्ध द्वारा नवविवाहित युगल को विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
समारोह में स्थानीय ग्रामीणों, रिश्तेदारों एवं बौद्ध अनुयायियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। सभी ने विवाह को एक प्रेरणास्पद उदाहरण बताया जहाँ न दिखावा था, न दहेज, बल्कि समता, प्रेम और करुणा का वातावरण था।
धर्मपाल बौद्ध ने इस अवसर पर कहा कि – “बौद्ध परंपरा में विवाह एक सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है, जिसमें दोनों पक्ष समानता, सम्मान और सहयोग के सिद्धांतों पर आधारित जीवन जीने का संकल्प लेते हैं।”
यह विवाह न केवल दो आत्माओं का मिलन था, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देता है – कि विवाह में दिखावा, खर्च और दहेज से कहीं अधिक जरूरी है आपसी समझ, विचारों की समानता और मानवता के सिद्धांत।
