फर्रुखाबाद में खेलों को बढ़ावा देने के लिए अहम बैठक सम्पन्न, अत्याधुनिक जिम और खिलाड़ियों को मिलेंगे नए अवसर।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 जुलाई 2025 जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सायं 07:00 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिला क्रीडाधिकारी द्वारा किया गया, जिसमें खेलों के क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्थापित अत्याधुनिक जिम को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाना, अन्य अवस्थापनाओं का उन्नयन एवं तहसील स्तर तक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी योजनाएं बनाना रहा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर भी खेल प्रोत्साहन समितियों का गठन किया जाए, जिनके अध्यक्ष संबंधित उप जिलाधिकारी एवं सचिव जिला युवा कल्याण अधिकारी होंगे।

महत्वपूर्ण निर्णय:

जिम शुल्क निर्धारण:

स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित नवनिर्मित भारोत्तोलन भवन में अत्याधुनिक जिम के लिए प्रति व्यक्ति ₹1000 प्रतिमाह शुल्क तय किया गया है। साथ ही, जिम प्रशिक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी ताकि उपयोगकर्ताओं को सही प्रशिक्षण मिल सके।

बैडमिंटन हॉल शुल्क:

शौकिया खिलाड़ियों के लिए बैडमिंटन हॉल का उपयोग शुल्क ₹800 प्रति व्यक्ति प्रतिमाह प्रति घंटा निर्धारित किया गया है।

जिम व स्वीमिंग पूल का रजिस्ट्रेशन शुल्क:

जनपद में संचालित सभी जिम और स्वीमिंग पूल को ₹15,000 वार्षिक शुल्क देकर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।

प्रोत्साहन निधि में योगदान:

असलहा लाइसेंस लेने वाले नागरिकों एवं शराब लाइसेंस प्राप्तकर्ताओं से ₹5000 वार्षिक शुल्क जिला प्रोत्साहन समिति में जमा करवाया जाएगा।

टेबल टेनिस के लिए नई व्यवस्था:

स्पोर्ट्स स्टेडियम में बहुउद्देशीय हॉल के ऊपर स्थित खाली स्थान पर टेबल टेनिस की सुविधा स्थापित की जाएगी।

कबड्डी प्रतियोगिताएं और मैट की मांग:

जिला कबड्डी एसोसिएशन द्वारा प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता हेतु कबड्डी मैट उपलब्ध कराने की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने स्टीमेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

20 उदीयमान खिलाड़ियों की सूची:

जनपद के 20 होनहार खिलाड़ियों की सूची तैयार कर उन्हें प्रोत्साहन सहायता प्रदान की जाएगी। इसके लिए एक समिति का गठन जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं क्रीड़ाधिकारी की संयुक्त देखरेख में किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न विभागों और खेल संघों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही और सभी ने खेलों के क्षेत्र में जनपद को आगे बढ़ाने हेतु सुझाव और समर्थन प्रस्तुत किया।