(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जुलाई 2025 जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस आज ऑफिसर्स क्लब फतेहगढ़ में आयोजित किया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 57, पुलिस विभाग की 19, विकास विभाग की 04, विद्युत विभाग की 05 और अन्य विभागों की 16 शिकायतें शामिल रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनकी संतुष्टि के अनुरूप कार्यवाही की जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार, उप जिलाधिकारी रजनीकांत समेत संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित यह समाधान दिवस जनहित में एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने और त्वरित समाधान पाने का अवसर मिला।
