फर्रुखाबाद के योगेन्द्र सिंह गंगवार को “उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025” में मिला सम्मान

लखनऊ:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 जुलाई 2025 अवध शिल्प ग्राम, अवध विहार योजना, सेक्टर-9, अमर शहीद पथ, लखनऊ में 04 से 06 जुलाई 2025 तक आयोजित “उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025” का भव्य शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग श्री दिनेश प्रताप सिंह, कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप साही, कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह औलख, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव श्री बी.एल. मीणा तथा उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक श्री भानू प्रकाश राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आम महोत्सव के पहले दिन प्रदेश के सभी जनपदों से चयनित आम उत्पादकों में से दस उत्कृष्ट कृषकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस सूची में फर्रुखाबाद जिले से ग्राम बरझाला, विकास खण्ड कायमगंज के श्री योगेन्द्र सिंह गंगवार को भी शामिल किया गया। श्री गंगवार अपने दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैले आम के बाग में दशहरी, अम्रपाली, चौसा और मल्लिका जैसी प्रजातियों का उत्पादन करते हैं। उन्होंने बागवानी में नवीन तकनीकों का सफलतापूर्वक प्रयोग किया है, जिससे उनकी गुणवत्ता में निरंतर सुधार हुआ है।

योगेन्द्र सिंह गंगवार के आमों को इण्डियन इंस्टिट्यूट ऑफ पैकेजिंग द्वारा मान्यता प्राप्त बॉक्स में स्टोर कर, वे न केवल इटावा, मैनपुरी और आगरा के स्थानीय बाजारों में बल्कि राजस्थान (जयपुर), मध्य प्रदेश (इंदौर) और दिल्ली की प्रसिद्ध आजादपुर मंडी तक भेजते हैं।उनके उत्कृष्ट कार्य और नवाचारों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान फर्रुखाबाद जनपद के साथ-साथ समूचे प्रदेश के प्रगतिशील किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।