फर्रुखाबाद: किसान का बेटा बना डॉक्टर, रूस से एमबीबीएस-एमडी कर गांव लौटे अनुज शाक्य, गांव में खुशी की लहर


(द दस्तक 24 न्यूज़) , 04 जुलाई 2025 मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गैसिंहपुर निवासी कृषक अतर सिंह शाक्य के बेटे अनुज शाक्य ने अपनी मेहनत और लगन से एमबीबीएस व एमडी की डिग्री हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों के बावजूद अतर सिंह ने अपने बेटे को डॉक्टर बनाने का सपना देखा था, जिसे अनुज ने साकार कर दिखाया।

अनुज शाक्य ने 10 सितंबर 2019 को रूस स्थित एशियन मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। कठिन परिश्रम और समर्पण से उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर एमबीबीएस और एमडी की डिग्री प्राप्त की। हाल ही में जब अनुज अपने गांव लौटे, तो पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मां विमला देवी की आंखें बेटे की सफलता से नम हो उठीं, जबकि ग्रामीणों ने फूल मालाएं पहनाकर और मिष्ठान खिलाकर उनका अभिनंदन किया।

अनुज शाक्य ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हमारे बारे में परिवार ने जो सपना देखा, हमने उसे पूरा किया है। अब हमारा संकल्प है कि हम अपने क्षेत्र के लोगों की हर संभव मदद करेंगे और उन्हें भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।” अनुज की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देखते हैं और उन्हें हकीकत में बदलने का साहस रखते हैं।