फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 जुलाई 2025 नगर उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट फर्रुखाबाद की एक महत्वपूर्ण बैठक होटल आनंद पैलेस, रेलवे रोड पर संपन्न हुई। बैठक में व्यापारिक हितों को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष हाजी मो. इखलाक़ खान ने की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द ही नगर से संबंधित सभी व्यापार मंडलों की क्षेत्रीय इकाइयों का गठन किया जाएगा। इसके उपरांत एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन नगर फर्रुखाबाद में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्री मुकुंद मिश्रा, प्रदेश महामंत्री श्री दिलीप सेठ, प्रदेश महामंत्री श्री राजेंद्र गुप्ता और प्रदेश युवा अध्यक्ष श्री जीतू सोनी विशेष रूप से आमंत्रित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान नवगठित नगर इकाइयों को शपथ दिलाई जाएगी और कई वरिष्ठ व्यापारियों को मंच पर सम्मानपूर्वक संगठन से जोड़ा जाएगा। इस आयोजन की अनुमति प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दे दी गई है और शीघ्र ही इसकी तिथि एवं कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा।
बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए केवल एकमात्र ट्रेन होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों को होने वाली असुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए बैठक में यह प्रस्ताव पारित हुआ कि फर्रुखाबाद से दिल्ली के लिए एक और ट्रेन चलवाने की मांग की जाएगी। इस संबंध में एक ज्ञापन प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी और माननीय रेल मंत्री को प्रेषित किया जाएगा।
संगठन को विश्वास है कि प्रदेश नेतृत्व इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तर पर समाधान कराएगा। प्रदेश नेतृत्व की मुख्यमंत्री और रेल मंत्री से पूर्व में भी कई बार व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा हो चुकी है, और इस बार भी सकारात्मक समाधान की आशा की जा रही है।
उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी: नगर अध्यक्ष हाजी मो. इखलाक़ खान, नगर महामंत्री राकेश सक्सेना, नगर युवा अध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव, जिला महिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला, जिला महिला महामंत्री हेमलता मिश्रा, नगर महिला अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, नगर महिला महामंत्री नेहा शुक्ला, नगर संयुक्त महामंत्री राम जी पाठक, नगर संरक्षक आनंद प्रकाश ‘मुन्ना’ गुप्ता, नगर प्रभारी ठाकुर सर्वेंद्र सिंह, नगर चेयरमैन सरदार जगदीप सिंह, नगर कोषाध्यक्ष राजन रॉय, जॉली राजपूत, युवा नगर महामंत्री रोहन कश्यप समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
नगर उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट ने विश्वास जताया कि संगठन व्यापारियों की आवाज़ को न सिर्फ मजबूती से उठाएगा, बल्कि ठोस परिणाम भी सुनिश्चित करेगा।
