फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2025 जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता के उद्देश्य से एक माह तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ आज प्रातः कलेक्ट्रेट परिसर, फतेहगढ़ से किया गया। अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा हरी झंडी दिखाकर जन-जागरूकता रैली को रवाना कर की गई।
यह जन-जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर भोलेपुर, फर्रुखाबाद बस अड्डा, कादरीगेट, लकूला होते हुए लोहिया चिकित्सालय परिसर में समाप्त हुई। रैली में लगभग 650 छात्र-छात्राएं एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे, रेडक्रॉस, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागी पैदल मार्च करते हुए लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, तथा स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं हेतु अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।
जन-जागरूकता रैली शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। जिले में पूरे जुलाई माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि से बचाव हेतु जागरूक किया जाएगा।
