फर्रुखाबाद:विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 जुलाई 2025 आज कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ परिसर से जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने 01 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो शहर में विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, एईएस, जेई आदि की रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक करना एवं दस्तक अभियान के माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी प्रदान करना है।

शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अवनींद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद, नगर पालिका ईओ श्री विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनसहयोग से ही इन बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आपसी समन्वय से कार्य करें एवं प्रत्येक स्तर पर सतर्कता बनाए रखें। रैली के माध्यम से आमजन को साफ-सफाई, पानी जमा न होने देना, मच्छरों से बचाव, शारीरिक जांच, टीकाकरण आदि विषयों पर जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निकाय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी से यह अभियान जनपद में व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा।

रिपोर्ट–धर्मवीर सिंह  द दस्तक 24 न्यूज़, फर्रुखाबाद