फर्रुखाबाद में 1.5 लाख पौधों का होगा निशुल्क वितरण, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की तैयारी।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 जून 2025 पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निदेशालय, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में फर्रुखाबाद जिले को 1,50,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य प्रदान किया गया है। इस महाअभियान के अंतर्गत जिले में दो स्थानों पर कुल 1.5 लाख पौधे उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।

राजकीय औद्यानिक प्रक्षेत्र, सींगनपुर (ब्लॉक बढ़पुर) में आम, अमरूद, कटहल, नींबू, जामुन, करौंदा, बेल आदि प्रजातियों के 70,000 पौधे तैयार किए गए हैं। वहीं, गंगा नर्सरी रामपुर मांझगांव (ब्लॉक कमालगंज) में उपरोक्त प्रजातियों के 80,000 पौधे तैयार हैं।

कौन ले सकता है पौधे?

इस योजना के अंतर्गत निम्नलिखित लाभार्थी पौधे प्राप्त कर सकते हैं:

सभी शासकीय विभाग

औद्योगिक इकाइयाँ

सहकारी समितियाँ

कृषक/संस्थाएँ/व्यक्तिगत नागरिक

निजी एवं शासकीय शिक्षण संस्थान

स्थानीय निकाय (ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका परिषद, विकास प्राधिकरण आदि)

भारत सरकार के विभाग एवं उपक्रम (रेलवे, रक्षा विभाग आदि)

निजी शीतगृह एवं अन्य इकाइयाँ

पौधे कैसे प्राप्त करें?

इच्छुक लाभार्थी अपने आवेदन पत्र के साथ कक्ष संख्या 57, विकास भवन, फतेहगढ़, फर्रुखाबाद स्थित आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी/जिला उद्यान अधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। वहाँ से उन्हें संबंधित प्रक्षेत्र/नर्सरी से निःशुल्क पौधे वितरित किए जाएंगे।

पर्यावरण को संवारने की अपील

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान दें। वृक्षारोपण न केवल प्रकृति की रक्षा करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और हरियाली भी प्रदान करता है।