फर्रुखाबाद:जिला स्तरीय पुनरीक्षण एवं सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न, सीडी रेशियो कम होने पर डीएम ने जताई नाराजगी

फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति एवं जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में बैंकों की स्थिति, ऋण वितरण व सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना रहा।

बैठक में समीक्षा के दौरान जनपद का सीडी (क्रेडिट-डेपॉजिट) रेशियो 54.07 प्रतिशत पाया गया, जो कि प्रदेश के औसत स्तर से कम है। विशेष रूप से इंडियन बैंक का सीडी रेशियो सबसे कम 18 प्रतिशत रहा, जबकि बैंक ऑफ बड़ौदा का 27 प्रतिशत, पंजाब नेशनल बैंक का 33 प्रतिशत तथा केनरा बैंक का 37 प्रतिशत सीडी रेशियो दर्ज किया गया।

इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए सभी बैंकों को निर्देशित किया कि वे अपने सीडी रेशियो में शीघ्र सुधार करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन बैंकों का प्रदर्शन असंतोषजनक है, उनके उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।

बैठक में जनधन खातों की आधार सीडिंग कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की ऋण स्वीकृति में अनावश्यक अड़चन न डाली जाए और पात्र आवेदकों को ऋण अवश्य उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला विकास अधिकारी, एलडीएम, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश गया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बैंकों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता से करना होगा।