फर्रूखाबाद:मोहर्रम को लेकर कर्बला मैदान का निरीक्षण, शांतिपूर्ण आयोजन हेतु दिए गए निर्देश।

फर्रुखाबाद,(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 जून 2025 जनपद में मोहर्रम पर्व को शान्तिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने को लेकर प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह द्वारा थाना मऊदरवाजा क्षेत्रान्तर्गत स्थित कर्बला के मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कर्बला मैदान में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, जल निकासी, विद्युत आपूर्ति एवं बैरिकेडिंग आदि की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मोहर्रम के अवसर पर सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए जाएँ तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि ताजियादारियों के गुजरने वाले मार्गों पर समय से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने कानून-व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस को सतर्कता बरतने और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त के निर्देश दिए।

प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा सांप्रदायिक उन्माद फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय पुलिस अधिकारीगण, नगरपालिका कर्मी, शांति समिति के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

प्रशासन की यह सक्रियता यह सुनिश्चित करती है कि मोहर्रम का पर्व जिले में पूरी आस्था, सम्मान और शांति के साथ मनाया जाए।